
चन्द्रहास निषाद,गरियाबंद। जिले में चाकूबाजी की घटनाओं पर रोक लगाने और सोशल मीडिया पर धारदार हथियारों के साथ फोटो-वीडियो पोस्ट करने वाले युवाओं पर नकेल कसने के लिए गरियाबंद पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। साइबर सेल की मदद से थानावार कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ऑनलाइन ऑर्डर किए गए पेन चाकू, बटन चाकू और पॉकेट चाकू समेत कुल 300 नग चाकू बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर आकर्षक डिजाइन और सस्ते दामों में चाकू आसानी से उपलब्ध हो जाते हैं। इन्हें युवा शौक या दिखावे के लिए मंगवा रहे हैं, लेकिन कई बार इनका दुरुपयोग भी सामने आया है। कुछ घटनाओं में अपराधियों ने इन्हीं ऑनलाइन खरीदे गए हथियारों का इस्तेमाल किया।
अभियान के दौरान पुलिस ने पूर्व में अपराध में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही भी की है।
गरियाबंद पुलिस की अपील
आमजन से अपील की गई है कि यदि कोई व्यक्ति ऑनलाइन साइट से खरीदे गए चाकू या अन्य धारदार हथियारों का इस्तेमाल डराने-धमकाने या अपराध कारित करने के लिए करता है तो उसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 94792-25884 जारी किया गया है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।


