
चन्द्रहास निषाद @गरियाबंद। मत्स्य विभाग द्वारा ग्राम पंचायत दशपुर में मत्स्य पालन को बढ़ावा देने एवं ग्रामीणों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के उद्देश्य से 10 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम मत्स्य पालन से जुड़े कृषकों, स्व-सहायता समूहों के सदस्यों एवं इच्छुक ग्रामीणों के लिए आयोजित किया गया, जिसमें आधुनिक एवं वैज्ञानिक मत्स्य पालन तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को तालाब की तैयारी, जल की गुणवत्ता प्रबंधन, उन्नत किस्म के मत्स्य बीज का चयन, संतुलित आहार प्रबंधन, रोगों की पहचान एवं रोकथाम, मत्स्य उत्पादन बढ़ाने के उपाय तथा विपणन एवं लाभकारी मत्स्य पालन से संबंधित विभिन्न विषयों पर व्यवहारिक एवं सैद्धांतिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। विभागीय अधिकारियों एवं प्रशिक्षकों द्वारा सरल भाषा में प्रशिक्षण देते हुए प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन अवसर पर ग्राम पंचायत दशपुर के सरपंच नरेंद्र कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को मछली पकड़ने के जाल का वितरण किया। इस अवसर पर सरपंच ने अपने संबोधन में कहा कि मत्स्य विभाग द्वारा इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाने में सहायक सिद्ध हो रहे हैं। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों से सीखी गई तकनीकों को व्यवहार में लाकर मत्स्य पालन को रोजगार का स्थायी साधन बनाने का आह्वान किया।
इस 10 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 55 प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और प्रशिक्षण को उपयोगी बताया। प्रतिभागियों ने मत्स्य विभाग के इस प्रयास की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की।


