
चंद्रहास निषाद,गरियाबंद डेस्क,दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। दंतेवाड़ा पुलिस के समक्ष आज 71 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में शामिल होने का ऐलान किया। यह आत्मसमर्पण ‘लोन वर्राटू अभियान’ के तहत किया गया, जिसे अब तक का सबसे बड़ा सामूहिक आत्मसमर्पण बताया जा रहा है।

आत्मसमर्पित नक्सलियों ने हथियार डालते हुए हिंसा का रास्ता छोड़ समाज और विकास की मुख्यधारा से जुड़ने का संकल्प लिया।
एसपी गौरव रॉय का बयान
दंतेवाड़ा पुलिस अधीक्षक गौरव रॉय ने जानकारी दी कि – “इन सभी नक्सलियों ने लोन वर्राटू अभियान से प्रभावित होकर आत्मसमर्पण किया है। अब इन्हें शासन की पुनर्वास नीति के तहत लाभ दिया जाएगा और कौशल विकास के लिए आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी।”
लोन वर्राटू अभियान का असर
लोन वर्राटू (अपने गांव लौट आओ) अभियान के तहत पुलिस लगातार ग्रामीण इलाकों में सक्रिय नक्सलियों से आत्मसमर्पण कर समाज से जुड़ने की अपील कर रही है। अब तक बड़ी संख्या में नक्सली इस अभियान से प्रभावित होकर आत्मसमर्पण कर चुके हैं। आज का आत्मसमर्पण दंतेवाड़ा ही नहीं बल्कि पूरे बस्तर संभाग में शांति स्थापना की दिशा में ऐतिहासिक माना जा रहा है।


