बाबू का दो बार ट्रांसफर, फिर भी भारमुक्त नहीं — जिला वनोपज सहकारी संघ के पदाधिकारियों का धरना प्रदर्शन

गरियाबंद।
जिला वनोपज सहकारी संघ मर्यादित गरियाबंद में पदस्थ लेखापाल का स्थानांतरण दो बार होने के बावजूद भी उसे अब तक भारमुक्त नहीं किया गया है। इस मामले को लेकर जिला वनोपज सहकारी संघ के संचालक मंडल के जिला अध्यक्ष कल्याण सिंह कपिल सहित सदस्य एवं पदाधिकारी गण ने मंगलवार को एक दिवसीय धरना प्रदर्शन कर विरोध जताया।

संघ पदाधिकारियों का कहना है कि लंबे समय से लेखापाल का ट्रांसफर आदेश जारी किया जा चुका है, बावजूद इसके उसे कार्यमुक्त नहीं किया गया है। इस वजह से संघ के कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
धरना प्रदर्शन के दौरान संघ ने यह भी कहा कि बार-बार मांग उठाने और ज्ञापन देने के बाद भी विभागीय स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। इस बीच वन विभाग की एसडीओ अतुल श्रीवास्तव ने मामले में कोर्ट का स्टे ऑर्डर होने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया।
संघ ने स्पष्ट किया है कि जब तक लेखापाल को नियमानुसार भारमुक्त नहीं किया जाएगा, तब तक आंदोलन की रूपरेखा और तेज की जाएगी।
जिले में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है ।


