
चन्द्रहास निषाद,गरियाबंद डेस्क। कलेक्ट्रेट के पीछे कचहरी वार्ड स्थित वेज चाइनीज दुकान के सामने शनिवार रात करीब 9 बजे नशे में धुत दो दोस्तों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि एक ने दूसरे की जान ले ली।
जानकारी के अनुसार मृतक शंभू और आरोपी भूपेंद्र सागर दोनों नशे के आदी थे और अक्सर आपस में विवाद करते रहते थे। शनिवार रात पार्टी के दौरान भी दोनों के बीच कहासुनी हुई। बताया जा रहा है कि मृतक ने गाली देने से मना किया तो आरोपी भूपेंद्र ने बगल में रखे गैस सिलेंडर से शंभू के सिर पर 2–3 बार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से शंभू की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। यह मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।


