
चन्द्रहास निषाद,गरियाबंद । जिले के उदंती-सीतानदी टाइगर रिज़र्व से वन्यजीव प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। यहां दुर्लभ प्रजाति की उड़न गिलहरी (Flying Squirrel) को प्रत्यक्ष रूप से देखा गया है। इस बात की पुष्टि स्वयं टाइगर रिज़र्व के उपनिदेशक वरुण जैन ने की है।
हाल ही में रिज़र्व क्षेत्र से उड़न गिलहरी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग रोमांचित हो उठे हैं। वीडियो में गिलहरी पेड़ों के बीच फुर्ती से उड़ान भरते हुए दिखाई दे रही है।
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि उड़न गिलहरी का प्रत्यक्ष दिखाई देना जैव विविधता संरक्षण और पारिस्थितिकी तंत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण संकेत है। यह इस क्षेत्र में वन्यजीवों की समृद्धता और प्राकृतिक संतुलन की पुष्टि करता है।
लोगों में इस वीडियो को लेकर जबरदस्त उत्सुकता और कौतूहल बना हुआ है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि ऐसे वन्यजीवों की उपस्थिति लगातार दर्ज होती रही, तो यह उदंती-सीतानदी टाइगर रिज़र्व को पर्यटन और वन्यजीव अध्ययन के लिहाज से और भी खास बना देगा।


