
न्यूज बॉक्स 24,गरियाबंद। दीपावली पर्व नजदीक आने के साथ ही ग्राम पंचायत कस में स्वच्छता को लेकर विशेष पहल की गई है। ग्राम पंचायत की सरपंच लीना रविंद्र कुमार ध्रुव के नेतृत्व में पूरे गांव में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान में पंचायत प्रतिनिधियों, पंचों, महिला समूहों, युवाओं और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
अभियान के तहत पंचायत क्षेत्र के हैंडपंपों, नालियों, गलियों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई कराई गई। इसके साथ ही गांव के आसपास पड़े कचरे को हटाकर स्वच्छ वातावरण बनाने का संदेश दिया गया। ग्रामीणों ने मिलजुलकर झाड़ू लगाई और सफाई के प्रति लोगों को जागरूक किया।

पंचों और जनप्रतिनिधियों ने बताया कि गांव के हर वार्ड में सफाई अभियान चलाया गया है। साथ ही गली-चौराहों पर मिट्टी के दीये सजाने और पौधारोपण के माध्यम से हरियाली बढ़ाने की योजना भी बनाई गई है।
अभियान में उपस्थित ग्रामीणों ने सरपंच लीना ध्रुव के इस प्रयास की सराहना की और कहा कि दीपावली के पहले गांव को स्वच्छ बनाकर एक सकारात्मक संदेश दिया गया है। पंचायत ने यह भी तय किया कि आने वाले महीनों में नियमित रूप से सफाई कार्य जारी रहेगा ताकि ग्राम पंचायत कस को स्वच्छ ग्राम पंचायत के रूप में पहचान मिले।


