
चन्द्रहास निषाद (पत्रकार),गरियाबंद। घने जंगल और विषम परिस्थितियों के बीच उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में घायल तेंदुए का सफल रेस्क्यू कर वन अमले ने मानवीय संवेदनशीलता और त्वरित निर्णय क्षमता का परिचय दिया। ड्रोन के घनी झाड़ियों में फेल हो जाने के बाद टाइगर रिजर्व के एसडीओ ने जान की परवाह किए बिना मौके पर उतरकर रस्सी के जाल से तेंदुए को काबू में लिया। जंगल सफारी के डॉक्टरों ने तत्काल उपचार कर तेंदुए की जान बचाई।
घटना एंटी-पोचिंग टीम की सतर्कता से सामने आई। नोडल अधिकारी एवं एसडीओ गोपाल कश्यप ने अकेले जाल लेकर तेंदुए पर फेंककर उसे दबोचा, अन्यथा घायल तेंदुआ ग्रामीणों व बच्चों पर हमला कर सकता था।
एंटी-पोचिंग टीम ने जंगल सफारी डॉक्टर जय किशोर जड़िया तथा कोकोड़ी ग्राम के ग्रामीणों के सहयोग से शिकारियों के फंदे में फंसे तेंदुए का सफल रेस्क्यू किया। तेंदुए को तड़के सुबह लगभग 4 बजे जंगल सफारी अस्पताल पहुंचाया गया।
जांच में सामने आया कि तेंदुए के गले में दो क्लच वायर फंदे लगभग 7 दिनों से फंसे थे। इसी चोट के कारण तेंदुए ने कोकोड़ी गांव में एक कुत्ते का शिकार किया था और आसान शिकार की तलाश में ग्रामीणों व बच्चों पर हमले का खतरा बना हुआ था।
वन विभाग के अनुसार अवैध शिकार से घायल वन्यप्राणी ग्रामीणों पर हमले की आशंका बढ़ाते हैं। इसी कड़ी में बीते 7 दिनों में 19 शिकारी गिरफ्तार किए गए हैं, जिन पर सांभर के शिकार, मयूर को कैद में रखने और जंगल में आग लगाने जैसे मामले दर्ज हैं।
वन विभाग ने अपील की है कि फंदा लगाने वाले शिकारियों की सूचना देने व पकड़वाने पर ₹5,000 से ₹10,000 तक का गोपनीय पुरस्कार दिया जाएगा। सूचना के लिए डीएफओ वरुण जैन का मोबाइल नंबर: 7568127875।
सीमित संसाधनों के बावजूद टाइगर रिजर्व की टीम एक्शन मोड में है। मात्र 35% स्टाफ पदस्थ, वाहनों की कमी के बावजूद अवैध शिकार और अतिक्रमण पर सख्ती जारी है। बीते 3 वर्षों में 750 हेक्टेयर अतिक्रमण भूमि मुक्त कराई गई है तथा 500 से अधिक शिकारी, तस्कर व अतिक्रमणकारी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शिकार वाले क्षेत्रों में अतिक्रमण पर बुलडोजर कार्रवाई भी जारी रहेगी।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
ड्रोन फेल हुआ, लेकिन जज्बा नहीं—उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में घायल तेंदुए का रेस्क्यू, समय पर इलाज से बची जान
Related Posts
Email : Newsbox24.in@gamil.com
Address : Kas, Gariaband, Chhattisgarh, India

This is the heading
Chandrahas Nishad
Editor
Mobile : +91-95755 21056
Important Pages
© 2025 Newsbox 24. Designed by Nimble Technology.

