
गरियाबंद | न्यूज बॉक्स 24 रिपोर्ट। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पाटसिवनी में राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के तहत केंद्रीय स्तर की टीम द्वारा दो दिवसीय निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण 23 एवं 24 मार्च को संपन्न हुआ, जिसका मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और उनकी गुणवत्ता का मूल्यांकन करना रहा।
निरीक्षण के लिए पश्चिम बंगाल से डॉ. खान एवं आंध्र प्रदेश से डॉ. जयाप्रदा विशेष रूप से पहुंचे। निरीक्षण टीम ने अस्पताल की ओपीडी (OPD) और आईपीडी (IPD) सेवाओं का बारीकी से अवलोकन किया। इसके साथ ही प्रसव कक्ष एवं लेबोरेट्री सुविधाओं की भी बिंदुवार जांच की गई।
टीम द्वारा दवाओं की उपलब्धता, अस्पताल परिसर की स्वच्छता तथा संक्रमण नियंत्रण व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा की गई। इसके अलावा मितानिन कार्यों, कुपोषण जांच और मरीजों की संतुष्टि स्तर का भी गहन मूल्यांकन किया गया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल के सामान्य प्रशासन और विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई।
इस अवसर पर संस्था प्रभारी डॉ. देवेश सोनी, बीएमओ डॉ. कीर्तन साहू, जनपद सदस्य श्रीमती भेषमती रूपसिंह साहू, सरपंच श्री चम्पेश्वर ध्रुव, पंच श्री रूपनारायण मांडले, पुराणिक दूबे, तिजराम कंवर, ग्राम पटेल अमर सिंह जाट सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


