
चन्द्रहास निषाद,गरियाबंद। ग्राम पंचायत जोबा में पूर्व सरपंच एवं सचिव पर गंभीर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि कई कार्य जमीन पर नहीं हुए, बावजूद इसके संबंधित मद से राशि आहरित कर ली गई।
इस मामले की शिकायत पर जनपद पंचायत गरियाबंद की ओर से 3 सितंबर 2025 को दोपहर 12 बजे जांच के लिए टीम गठित की गई थी। लेकिन आज तक जांच पूरी नहीं हो पाई है।
जांच अधिकारी डोमार सिंह ठाकुर, प्रभारी पंचायत एवं शिक्षा, को जांच दल का प्रभारी बनाया गया था। साथ ही मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत गरियाबंद, आवेदक टिकम सिंह सोम और पूर्व सरपंच/सचिव को उपस्थित होने के निर्देश दिए गए थे।
ग्रामीणों का कहना है कि मामले की जांच लंबित रहने से सच्चाई सामने नहीं आ पा रही है। लोग अब जल्द से जल्द जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


