
न्यूज बॉक्स 24,गरियाबंद। ग्राम कस में निषाद समाज द्वारा आयोजित भक्त गुहा राज जयंती समारोह का आज विधिवत समापन हुआ। कार्यक्रम के अंतिम दिवस रात्रिकालीन आयोजन में बाल मित्र मानस परिवार खरहरी द्वारा भक्त गुहा राज के जीवन चरित्र और उनकी कथा पर केंद्रित संगीतमय प्रस्तुति दी गई, जिसे ग्रामीणों एवं समाजजनों ने सराहना के साथ देखा-सुना।
समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में गुना राम ध्रुव, प्रबंधक धान संग्रहण केंद्र सोहागपुर उपस्थित रहे। उनके साथ चम्पेश्वर ध्रुव भी विशेष अतिथि के रूप में मंचासीन रहे। निषाद समाज द्वारा दोनों अतिथियों का पुष्प मालाओं एवं चंदन वंदन कर पारंपरिक स्वागत किया गया।
अपने संबोधन में अतिथियों ने भक्त गुहा राज के आदर्शों, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी परंपरा और इतिहास से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम में ग्रामवासी, समाज के वरिष्ठजन, युवा एवं महिलाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने सफल आयोजन के लिए सभी सहयोगियों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।


