
चन्द्रहास निषाद (पत्रकार), गरियाबंद। गरियाबंद पुलिस ने दीगर राज्य से आने वाले अवैध धान परिवहन एवं बिक्री के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस द्वारा विगत एक माह 09 दिवस के भीतर 1474.05 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया है, जिसकी कुल कीमत 45 लाख 85 हजार 365 रुपये आंकी गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार समर्थन मूल्य पर धान खरीदी केवल पंजीकृत किसानों से ही निर्धारित खरीदी केंद्रों में की जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए गरियाबंद जिले के बॉर्डर क्षेत्रों में चेक पोस्ट लगाकर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 17 दिसंबर 2025 को थाना अमलीपदर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक 407 मेटाडोर वाहन (CG-04-JC-6332) उड़ीसा मार्ग से अवैध रूप से धान परिवहन कर रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने वाहन से 60 कट्टा (27 क्विंटल) धान जब्त किया।
वहीं 18 दिसंबर 2025 को थाना देवभोग पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बोलेरो पिकअप वाहन (CG-04-MP-4713) को पकड़ते हुए उसमें भरे 60 कट्टा (24 क्विंटल) अवैध धान को जब्त किया। दोनों मामलों में कुल 120 कट्टा यानी 51 क्विंटल धान, जिसकी कीमत 1 लाख 58 हजार 100 रुपये है, को जब्त कर संबंधित विभाग को सुपुर्द किया गया।
पुलिस के अनुसार, विगत एक माह 09 दिवस में थाना देवभोग, अमलीपदर एवं छुरा पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के दौरान कुल 38 प्रकरणों में कार्रवाई की गई। इस दौरान 34 चार पहिया वाहन एवं 04 लावारिस प्रकरणों से कुल 3367 कट्टा धान बरामद किया गया।
गरियाबंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध धान परिवहन एवं बिक्री के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से अवैध धान तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।


