
छुरा। न्यायालय तहसीलदार छुरा के नेतृत्व में आज ग्राम पंचायत खरखरा के सहयोग से ग्राम पंडरीपानी डीह स्थित शासकीय भूमि पर अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की गई। प्रशासन को लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा शिकायत मिल रही थी कि ग्राम पंडरीपानी डीह में कुछ लोगों ने सड़क किनारे एवं शासकीय भूमि पर कब्जा कर लिया है, जिससे आम आवागमन में दिक्कतें उत्पन्न हो रही थीं।
शिकायतों की पुष्टि के बाद न्यायालय तहसीलदार छुरा ने राजस्व अमले की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया। कार्यवाही के दौरान जेसीबी मशीन की मदद से अतिक्रमण किए गए निर्माणों को तोड़कर भूमि को मुक्त कराया गया।
इस कार्रवाई में अतिक्रमणकारी यशवंत सेन, सावित्री निषाद, गीतांजलि साहू, लोकनाथ एवं शैलेन्द्र कुमार द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। ग्राम पंचायत खरखरा के सरपंच, सचिव सहित पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग प्रदान किया।
तहसीलदार छुरा ने बताया कि शासन की भूमि पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में जो भी व्यक्ति शासकीय भूमि या सड़क किनारे कब्जा करेगा, उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
इस कार्रवाई के दौरान मौके पर राजस्व विभाग के अधिकारी, पटवारी, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि तथा ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
प्रशासन की इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है और इसे एक सराहनीय कदम बताया है।


