
गरियाबंद। जिला गरियाबंद के नक्सल प्रभावित जंगल एवं पहाड़ी क्षेत्रों में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों से नक्सलियों द्वारा डम्प कर रखे गए हथियार, विस्फोटक एवं अन्य सामग्री बरामद की है। यह कार्रवाई जिला पुलिस बल, ई-30 ऑपरेशन, सीएएफ एवं सीआरपीएफ की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शासन द्वारा प्रतिबंधित माओवादी संगठन धमतरी–गरियाबंद–नुआपाड़ा डिवीजन के नक्सलियों ने पुलिस पार्टी एवं ग्रामीणों को नुकसान पहुंचाने तथा क्षेत्र में दहशत फैलाने के उद्देश्य से थाना मैनपुर अंतर्गत ग्राम कुकरार एवं थाना पीपरछेड़ी अंतर्गत ग्राम कमारभौदी के पहाड़ी एवं जंगल क्षेत्रों में विस्फोटक सामग्री छुपा कर रखी थी।

आत्मसमर्पित नक्सलियों से प्राप्त सूचना तंत्र के आधार पर जिला मुख्यालय गरियाबंद से संयुक्त सुरक्षा बलों की टीम को सर्चिंग अभियान के लिए रवाना किया गया। अभियान के दौरान बीडीएस टीम द्वारा डम्प एरिया में सघन तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान दिनांक 23 जनवरी 2026 को निम्न सामग्री बरामद की गई—
01 नग 303 रायफल (पूर्व में पुलिस बल से लूटी गई)
01 नग देशी पिस्टल
12 बोर के 31 राउंड
8 एमएम के 48 कारतूस
43 नग डेटोनेटर
02 नग सोलर प्लेट
01 मल्टीमीटर
02 वॉकी-टॉकी
01 इन्वर्टर
दैनिक उपयोग की अन्य सामग्री
बरामद समस्त सामग्री को विधिवत जप्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस कार्रवाई से माओवादियों की विनाशकारी साजिशों को विफल करने में सुरक्षा बलों को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
जिला पुलिस द्वारा नक्सल विरोधी अभियानों को आगे भी इसी तरह सख्ती के साथ जारी रखने की बात कही गई है।


