
चन्द्रहास निषाद(न्यूज बॉक्स 24)गरियाबंद। जिला मुख्यालय में सोमवार को कांग्रेसजनों ने भाजपा प्रवक्ता एवं पूर्व मंत्री बी.पी.एस. नेताम पर कांग्रेस सांसद और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर गरियाबंद कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई। कांग्रेसजनों ने आरोप लगाया कि भाजपा प्रवक्ता लगातार राहुल गांधी और गांधी परिवार के खिलाफ अभद्र व अशोभनीय टिप्पणी कर रहे हैं, जिससे कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत हो रही हैं।

कांग्रेस कमेटी द्वारा दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि राहुल गांधी देश के एक सम्मानित नेता हैं। उन्होंने गांधी परिवार की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए लोकतंत्र की रक्षा और भाईचारे के लिए भारत जोड़ो यात्रा सहित कई ऐतिहासिक आंदोलन किए। उनके खिलाफ की जा रही अमर्यादित टिप्पणी न केवल व्यक्तिगत आक्षेप है बल्कि समाज में नफरत फैलाने का षड्यंत्र भी है।
ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद हफीज ने कहा कि भाजपा नेताओं द्वारा लगातार राहुल गांधी के खिलाफ की जा रही बयानबाजी लोकतांत्रिक मूल्यों और राजनीतिक शिष्टाचार के खिलाफ है। उन्होंने मांग की कि तत्काल प्रकरण दर्ज कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए, जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
कांग्रेसजनों ने यह भी कहा कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो जिलेभर में उग्र आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान शहर एवं ग्रामीण अंचल से आए कई कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। पुलिस ने कांग्रेस की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है।


