
चन्द्रहास निषाद,गरियाबंद, 24 नवंबर।
जिला सहकारी समिति कर्मचारी संघ एवं जिला धान खरीदी कर्मचारी महासंघ ने कलेक्टर गरियाबंद को पत्र जारी कर स्पष्ट किया है कि जिले के सभी धान उपार्जन केन्द्रों में सर्विस प्रोवाइडर द्वारा नियुक्त डेटा एंट्री ऑपरेटर की अब आवश्यकता नहीं है।
संगठनों ने बताया कि वर्ष 2025-26 के समर्थन मूल्य धान खरीदी कार्य हेतु पहले से ही जिले के नियमित कर्मचारी एवं डेटा एंट्री ऑपरेटर केंद्रों में कार्यभार संभाल रहे हैं। 20 नवंबर को जारी आदेश के बाद भी सर्विस प्रोवाइडर द्वारा भेजे गए अतिरिक्त डेटा एंट्री ऑपरेटरों को केंद्रों में किसी भी प्रकार की आवश्यकता नहीं है।
संगठन के पदाधिकारियों ने कलेक्टर से आग्रह किया है कि उपार्जन केंद्रों में तैनात किए गए सर्विस प्रोवाइडर के सभी डेटा एंट्री ऑपरेटरों को वापस किया जाए, ताकि नियमित कर्मचारियों द्वारा धान उपार्जन कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सके।
इस संबंध में जिला खाद्य अधिकारी, जिला विपणन अधिकारी, सहायक आयुक्त सहकारिता सहित संबंधित विभागों को भी जानकारी प्रेषित की गई है।


