
उमेश वर्मा@गरियाबंद/पीपरछेड़ी। थाना पीपरछेड़ी के तहत साइबर जागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में ग्राम पंचायत पीपरछेड़ी में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम में भारी संख्या में उपस्थित लोगों को साइबर ठगी, ऑनलाइन धोखाधड़ी, बैंकिंग फ्रॉड, ओटीपी शेयरिंग, फर्जी लिंक और डिजिटल सुरक्षित व्यवहार के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों—
सरपंच लक्ष्मी दीवान,
ईश्वर वर्मा,
खेदुरम यादव,
यशवंत वर्मा,
राम सिंह वस्त्रकार,
बिसरू राम नेताम,
हरिचंद भुजिया
सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।
इस जागरूकता कार्यक्रम का नेतृत्व थाना प्रभारी पीपरछेड़ी खुमान लाल साहू ने किया। उनके साथ थाना स्टाफ सुमेश ध्रुव, नागेश्वर ठाकुर सहित पुलिस टीम मौजूद रही। पुलिस ने लोगों को वास्तविक उदाहरणों के माध्यम से समझाया कि कैसे साइबर अपराधी साधारण फोन कॉल, मैसेज, सोशल मीडिया लिंक या बैंकिंग के नाम पर लोगों को जाल में फंसाते हैं।
ग्रामीणों को सलाह दी गई कि वे किसी भी अज्ञात लिंक, कॉल या ओटीपी को साझा न करें। साथ ही किसी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत 1930 या स्थानीय पुलिस से संपर्क करें।
कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने साइबर सुरक्षा सीख को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए इस प्रकार की गतिविधियाँ और भी गांवों में आयोजित करने की मांग की। थाना पीपरछेड़ी पुलिस ने भविष्य में भी जागरूकता अभियान जारी रखने की बात कही।


