शिकासार जलाशय में युवक की डूबने से मौत, तीन दिन बाद मिला शव

चन्द्रहास निषाद (पत्रकार) गरियाबंद। जिले के शिकासार डैम में मछली मारने गए एक युवक की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान 32 वर्षीय घासीराम कुमार के रूप में हुई है। घटना 22 अगस्त शुक्रवार की बताई जा रही है।

कैसे हुई घटना
जानकारी के मुताबिक, घासीराम अपने साथी के साथ शिकासार डैम मछली मारने पहुंचा था। साथी से करीब 500–600 मीटर दूर वह पानी में उतरा। इस दौरान वह दो बार डूबकर बाहर निकला, लेकिन तीसरी बार पानी से बाहर नहीं आ सका। साथी ने घबराकर गांव में पहुंचकर घटना की सूचना दी।
रेस्क्यू टीम भी रही नाकाम
गांववालों ने डैम पहुंचकर घासीराम की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस प्रशासन और रेस्क्यू टीम ने तलाशी अभियान चलाया, फिर भी सफलता हाथ नहीं लगी।
तीसरे दिन पानी के ऊपर मिला शव
घटना के तीसरे दिन शव डैम में मछली पालन खेत के पास पानी में तैरता मिला। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर मैनपुर अस्पताल भेजा, जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
गांव में पसरा मातम
घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी और शोक का माहौल बन गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


