
गरियाबंद(newsbox 24)। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव का आयोजन इस वर्ष गरियाबंद के गांधी मैदान में धूमधाम से आरंभ हुआ। मंच पर आकर्षक प्रस्तुतियों और भीड़भाड़ के बीच उत्सव का जोश तो दिखा, लेकिन इसके साथ ही अव्यवस्था की तस्वीरें भी चर्चा का विषय बनी रहीं।
कार्यक्रम के मंच की स्थिति और प्रबंधन को लेकर कई जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जाहिर की। कुछ नेताओं ने मंच की व्यवस्था देखकर कार्यक्रम में शामिल हुए बिना ही लौटना उचित समझा।

मुख्य अतिथि दयालदास बघेल की उपस्थिति में कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस दौरान राजिम विधायक रोहित साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप, नगर पालिका अध्यक्ष रिखीराम यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल चंद्राकर सहित अनेक जनप्रतिनिधि मंच पर मौजूद रहे।
हालांकि, आयोजन स्थल और मंच पर स्थानीय नेताओं के बैनर-पोस्टर न दिखाई देने से असंतोष बढ़ता गया। कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठे। बताया जा रहा है कि सर्किट हाउस में भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने अधिकारियों के समक्ष खुले तौर पर अपनी नाराजगी व्यक्त की।
मंच संचालन और मीडिया सेक्शन में अव्यवस्था के कारण कई पत्रकारों ने भी कार्यक्रम से दूरी बनाए रखी।
राजिम विधायक रोहित साहू ने स्वीकार किया कि कार्यक्रम में कुछ व्यवस्थागत कमियां रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन के साथ बैठक कर आगे सुधार के कदम उठाए जाएंगे।
पिछले वर्ष की तुलना में इस बार राज्योत्सव का रंग कुछ फीका नजर आया, लेकिन उम्मीद है कि आने वाले आयोजनों में गरियाबंद एक बार फिर अपने पुराने उत्साह और भव्यता के साथ राज्योत्सव को चमकदार बनाएगा।


