
चन्द्रहास निषाद, गरियाबंद ।पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत थाना देवभोग क्षेत्र में एक दिवसीय सड़क सुरक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम दिनांक 22 जनवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के दिशा-निर्देश में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक लीतेश सिंह (यातायात नोडल), जिला पंचायत गरियाबंद के अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप, ओमप्रकाश कुजूर (एसडीओपी मैनपुर) एवं उप पुलिस अधीक्षक मंजूलता राठौर की उपस्थिति में आरटीओ टीम के साथ संयुक्त रूप से निःशुल्क लर्निंग लाइसेंस एवं हेलमेट वितरण शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर के दौरान दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालकों द्वारा बड़ी संख्या में लर्निंग लाइसेंस के लिए आवेदन किए गए। उपस्थित नागरिकों को यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने, सुरक्षित वाहन चलाने एवं सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिससे सड़क सुरक्षा का संदेश प्रभावी रूप से आमजन तक पहुंचा। इस अवसर पर नगर पंचायत देवभोग के अध्यक्ष राजेश तिवारी, उपाध्यक्ष सुशील यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में थाना देवभोग पुलिस एवं यातायात पुलिस की विशेष भूमिका रही।


