
गरियाबंद। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत गरियाबंद जिले की तीन महत्वपूर्ण सड़कों के सुदृढ़ीकरण (सतह मजबूतीकरण) कार्य को वित्त विभाग से प्रशासकीय स्वीकृति मिल गई है। इससे जिले के ग्रामीण अंचलों में विकास की राह और मजबूत होगी। मंजूरी मिलने वाले मार्गों में पारागांव से पेंड्रा (10.27 किमी), पीपरछेड़ी से चिंगारमल (9.30 किमी) और 09 टी 02 से बेगारपाला (13.30 किमी) सड़क शामिल हैं। इन सड़कों के सुदृढ़ीकरण से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवाजाही, व्यापार और अन्य गतिविधियों में सहूलियत मिलेगी।

भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य वीरेंद्र साहू ने इस स्वीकृति के लिए जिलेवासियों की ओर से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, सांसद रूप कुमारी चौधरी और राजिम विधायक रोहित साहू का विशेष आभार जताया है। विशेषकर वित्त मंत्री ओपी चौधरी की सराहना करते हुए कहा कि यह मंजूरी प्रदेश सरकार की विकासोन्मुखी सोच और जनता के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। इन सड़कों के निर्माण से न केवल आवागमन सरल होगा, बल्कि आर्थिक गतिविधियों और शिक्षा-स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुँच भी बेहतर होगी।


