
चन्द्रहास निषाद @गरियाबंद। गरियाबंद पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में थाना मैनपुर क्षेत्रांतर्गत नक्सल प्रभावित ग्राम मटाल एवं राजाडेरा में कम्युनिटी पुलिसिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याओं को सुना और समाधान का भरोसा दिया।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ने गांव के बच्चों, महिलाओं एवं प्रमुखों से संवाद किया। ग्रामीणों ने बिजली, पानी, स्कूल भवन जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी से जुड़ी समस्याएं रखीं। इस पर पुलिस अधीक्षक ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से बात कर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर बच्चों को स्कूल बैग, चॉकलेट, बिस्किट वितरित किए गए, वहीं ग्रामीण महिलाओं को साड़ी और पुरुषों को साल भेंट किए गए।
कार्यक्रम के दौरान समुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मैनपुर की टीम, जिसमें डॉक्टर चमन कण्ड्रा शामिल थे, द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाएं दी गईं, जिसका लाभ बड़ी संख्या में लोगों ने उठाया।
साथ ही पुलिस विभाग द्वारा शासन की आत्मसमर्पण नीति की जानकारी भी ग्रामीणों के बीच दी गई। पुलिस ने संदेश दिया कि जो नक्सली हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौटना चाहते हैं, वे आत्मसमर्पण कर समाज से फिर जुड़ सकते हैं। इसके लिए गांव में पोस्टर लगाए गए हैं तथा संपर्क हेतु दूरभाष नंबर 94792-27805 जारी किया गया है, जिस पर संपर्क कर स्थानीय पुलिस थाना या कैम्प में हथियार सहित आत्मसमर्पण किया जा सकता है।


