
गरियाबंद। सड़क दुर्घटनाओं पर रोकथाम और लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गरियाबंद पुलिस ने सराहनीय पहल की है। शहर व नेशनल हाइवे पर घूमने वाले मवेशियों के गले में पुलिसकर्मी रिफ्लेक्टिव पट्टे लगा रहे हैं।
इस पट्टे की खासियत यह है कि रात में वाहन की रोशनी पड़ते ही यह दूर से ही दिखाई देगा, जिससे वाहन चालकों को सावधानी बरतने में मदद मिलेगी और दुर्घटनाओं की संभावना काफी हद तक कम होगी।
पुलिस विभाग का कहना है कि अक्सर सड़कों पर अचानक पशु आ जाने से सड़क हादसे हो जाते हैं। इन घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल का स्वागत किया है और कहा है कि इससे जन और धन की हानि को रोकने में बड़ी मदद मिलेगी।
यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और अधिक से अधिक घुमंतू पशुओं को रिफ्लेक्टिव पट्टों से चिन्हित किया जाएगा।


