
गरियाबंद। थाना राजिम अंतर्गत बकली गांव में एक सूने मकान से हुई चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से 64,000 रुपये नगद और करीब 70,000 रुपये मूल्य के सोने के जेवर बरामद किए गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी कोमलराम सोनकर निवासी बकली ने 28 अगस्त 2025 को थाना राजिम में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 27 अगस्त की रात वे अपने ससुराल गए थे और अगली सुबह लौटने पर देखा कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है और सामान अस्त-व्यस्त पड़ा है। जांच करने पर पता चला कि घर के भीतर रखे ₹50,000 नकद, दो नग सोने की चेन (कीमत लगभग ₹70,000), और दुकान के गल्ले से ₹17,000 नगद चोरी हो गए हैं।
इस गंभीर प्रकरण में राजिम पुलिस ने आपराधिक मामला क्रमांक 262/2025, धारा 305, 331(4) भादंवि के तहत केस दर्ज कर स्पेशल टीम का गठन किया।
मुखबिर की सूचना पर खुला राज:
विशेष टीम और मुखबिर की मदद से पता चला कि एक युवक सोने की चेन बेचने की फिराक में घूम रहा है। पुलिस ने उसे पकड़कर पूछताछ की, जहां उसने अपना नाम डिगेश उर्फ छर्री उर्फ भुपेन्द्र कुर्रे (उम्र 19 वर्ष) बताया और चोरी की पूरी घटना कबूल की।
पूछताछ में सामने आया कि डिगेश ने अपने साथी
मोहन टण्डन उर्फ राकेश (उम्र 21 वर्ष),
अजील मिरी उर्फ चिकू (उम्र 19 वर्ष),
एवं एक विधि से संघर्षरत बालक के साथ मिलकर इस चोरी को अंजाम दिया था।
चारों ने मिलकर मकान के पीछे से छत के रास्ते घर में प्रवेश किया, कुदाली से दरवाजे का ताला तोड़ा, और अलमारी से चाबी निकालकर नकदी व जेवर चुरा लिए। इसके बाद दुकान के गल्ले से भी नकदी चुराकर मौके से फरार हो गए।
बरामद सामग्री:
दो नग सोने की चेन (कीमत लगभग ₹70,000)
नकद राशि ₹64,000
सभी सामग्री को गवाहों की उपस्थिति में ज़ब्त किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया।
—
गिरफ्तार आरोपी:
1. डिगेश उर्फ छर्री उर्फ भुपेन्द्र कुर्रे पिता गिरधारी कुर्रे, उम्र 19 वर्ष
2. मोहन टण्डन उर्फ राकेश पिता विजय टण्डन, उम्र 21 वर्ष
3. अजील मिरी उर्फ चिकू पिता हिरा मिरी, उम्र 19 वर्ष
4. विधि से संघर्षरत बालक (नाम गोपनीय)
—
गरियाबंद पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से इलाके में आम जनता ने राहत की सांस ली है और पुलिस के कार्य की सराहना की जा रही है।
पुलिस ने आश्वस्त किया है कि क्षेत्र में चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


