
चन्द्रहास निषाद,गरियाबंद। थाना गरियाबंद पुलिस ने अवैध हीरा कारोबार पर बड़ी कार्यवाही करते हुए इण्ड टू इण्ड एक्शन में 04 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 06 नग अवैध हीरा, एक NOTHING कंपनी का मोबाइल और एक Realme मोबाइल भी जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 28 सितंबर 2025 को मुखबिर से सूचना मिली कि जिला अस्पताल गरियाबंद के सामने एक व्यक्ति बहुमूल्य खनिज पदार्थ हीरा बेचने की फिराक में ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना पर थाना गरियाबंद की पुलिस टीम ने घेराबंदी कर छापा मारा और मौके से आरोपी जैन कुमार नेताम (45 वर्ष, ग्राम छिंदौला, जिला गरियाबंद) को पकड़ा। उसके पास से 06 नग हीरा बरामद हुआ।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि यह हीरा उसे रघुराम ध्रुव (साकिन कोसमबुड़ा, गरियाबंद) द्वारा दिया गया था, जिसे वह आगे सूरज सोनी (30 वर्ष) और विशाल सोनी (25 वर्ष), दोनों निवासी जेल कॉलोनी बठेना, धमतरी को बेचने वाला था। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध धारा 303(2), 3(5) बीएनएस, 21(4) खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम 1957 के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
इस कार्रवाई से पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अवैध खनिज कारोबार में संलिप्त लोगों पर कड़ी कार्यवाही जारी रहेगी।


