
चन्द्रहास निषाद,गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं, जिससे कई ग्रामीण इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है।
गरियाबंद जिला मुख्यालय से लगभग 10 किलोमीटर दूर स्थित घुटकू नयापारा से कासरबाय मार्ग पर बने रपटे के ऊपर से पानी बह रहा है। बारिश का पानी सीधे गांव के खेतों और खलिहानों में घुस रहा है, जिससे फसलों को भारी नुकसान होने की आशंका है।

इस स्थिति के चलते ग्रामीणों की आवाजाही पूरी तरह से बाधित हो गई है। लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों द्वारा बनाए गए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें नदी-नालों का पानी खेतों में घुसता हुआ स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है।
तेज गर्जना के साथ हुई इस बारिश ने नदी और नालों को भर दिया है, जिससे कई जगहों पर जलभराव की समस्या पैदा हो गई है। प्रशासन को जल्द से जल्द राहत और बचाव कार्य शुरू करने की आवश्यकता है ताकि प्रभावित लोगों को मदद पहुंचाई जा सके।


