खेत में तेंदुआ ने किया गाय का शिकार, ग्रामीणों में दहशत

चन्द्रहास निषाद (पत्रकार) गरियाबंद। वन परिक्षेत्र पाण्डुका अंतर्गत ग्राम तौरेंगा में बीती रात तेंदुआ ने एक गाय का शिकार कर दहशत फैला दी। जानकारी के अनुसार एक किसान के खेत में तेंदुआ ने गाय का पिछला हिस्सा खाकर शव खेत में ही छोड़ दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि कुछ दिनों पहले इसी क्षेत्र में दो शावकों के साथ एक मादा तेंदुआ को देखा गया था। माना जा रहा है कि बच्चों की भूख मिटाने के लिए यह शिकार किया गया है। शिकार की घटना ग्राम के मौलीपारा मोहल्ले से महज आधा किलोमीटर दूर घटी है। वहीं स्थानीय लोगों के मुताबिक जतमई मार्ग पर 8 से 10 लावारिश गायों का झुंड बैठा हुआ था, जिनमें से ही यह गाय तेंदुए का शिकार बनी।
सुबह जब किसान खेत गया तो मृत मवेशी को देखकर उसने ग्रामीणों को सूचना दी। इसके बाद वन विभाग के बिट गार्ड लोकेश श्रीवास मौके पर पहुंचे और पंचनामा तैयार किया। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि मवेशी लावारिश था और उसका कोई मालिक सामने नहीं आया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में तेंदुआ, भालू, हिरण, नीलगाय और लकड़बग्घा जैसे वन्यजीव अक्सर देखे जाते हैं। हालांकि शिकारियों की वजह से बीते कुछ वर्षों में इनकी संख्या में काफी कमी आई है। जानकारों के अनुसार यहां के जंगली जीवों की तस्करी विदेशों तक होती है और शिकार करने राजधानी से तक शिकारी आधुनिक हथियारों के साथ आते हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से गांव के आसपास गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है।


