
चन्द्रहास निषाद,गरियाबंद। बुधवार सुबह से जिले में हो रही लगातार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। सड़कों पर पानी भर गया है, जिससे लोगों को घरों से निकलना मुश्किल हो रहा है। नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। प्रशासन ने एहतियातन अलर्ट जारी करते हुए जिलेवासियों को सतर्क रहने की अपील की है।

मिली जानकारी के अनुसार गरियाबंद जिले के सभी ब्लॉकों—फिंगेश्वर, छुरा, राजिम, मैनपुर और देवभोग सहित अन्य क्षेत्रों में तेज बारिश दर्ज की जा रही है। इससे ग्रामीण अंचलों में कई जगह आवागमन बाधित होने की खबर है।
जिला प्रशासन की हिदायत
कलेक्टर ने आम जनता से अपील की है कि नदी-नालों में जलभराव होने या ऊपर से पानी बहने की स्थिति में कतई पार न करें। साथ ही बारिश के दौरान सुरक्षित स्थानों पर बने रहने और बच्चों को नालों व तालाबों के किनारे न जाने देने की हिदायत दी है।
अधिकारियों का वर्शन
एसडीएम ने बताया कि – “जिले में हो रही लगातार बारिश पर प्रशासन की पैनी नज़र है। राजस्व, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें सतत निगरानी में हैं। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया जाएगा।”
पुलिस विभाग ने भी लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में नजदीकी थाने या प्रशासनिक अमले को तत्काल सूचना दें।
जिले में फिलहाल हालात नियंत्रण में बताए जा रहे हैं, लेकिन प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।


