चंद्रहास निषाद न्यूज बॉक्स 24
गरियाबंद । जिला गरियाबंद पुलिस एवं डी/62 बटालियन सीआरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में थाना मैनपुर अंतर्गत ग्राम पण्डरीपानी-सिकासेर के जंगल/पहाड़ी क्षेत्र से नक्सलियों द्वारा आईईडी बनाने में प्रयुक्त सामग्री का जखीरा बरामद किया गया। यह कार्रवाई 12 अगस्त 2025 को की गई, जिसमें पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी।
मिली जानकारी के अनुसार, जिला मुख्यालय से लगभग 50 किलोमीटर उत्तर-पूर्व दिशा में स्थित पण्डरीपानी-सिकासेर के जंगल/पहाड़ी इलाके में नक्सली आईईडी विस्फोट की तैयारी में जुटे थे। मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर जिला पुलिस, ऑप्स टीम ई/30, डी/62 बटालियन सीआरपीएफ एवं थाना मैनपुर पुलिस द्वारा संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
सर्चिंग के दौरान पुलिस पार्टी को जंगल के भीतर छुपाकर रखे गए 06 नग कुकर, नक्सली पोस्टर बनाने में उपयोगी 01 नग रंगीन प्रिंटर, विभिन्न प्रकार के मेडिकल डिवाइस, इंजेक्शन, कॉटन बैंडेज, इंजेक्शन शीशी, एवं विस्फोटक बनाने में प्रयुक्त सामग्री बरामद हुई। यह सामग्री नक्सलियों की विध्वंसक गतिविधियों के लिए तैयार की गई थी।
पुलिस ने बरामद सामान को जब्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है। अधिकारियों ने इसे नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता बताया है और कहा है कि ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनी रहे।



