
छुरा, गरियाबंद। शासकीय स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम स्कूल, छुरा में आज एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों को ब्लूप्रिंट आधारित अध्यापन और परीक्षा की तैयारी के लिए विषय शिक्षकों को प्रशिक्षित करना रहा।
इस अवसर पर जिला कार्यालय से नोडल अधिकारी श्याम चंद्राकर एवं सहायक नोडल अधिकारी मनोज केला विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने ब्लूप्रिंट से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश विस्तार से विषय शिक्षकों को प्रदान किए।

कार्यशाला में विकासखंड से चयनित एम.टी. भूपत कुमार कन्नौज, कामता साहू एवं योगेश ठाकुर ने गणित, अंग्रेजी एवं विज्ञान विषय के शिक्षकों को प्रश्नपत्र निर्माण और अध्यापन की रूपरेखा पर प्रशिक्षित किया।
साथ ही, व्याख्याताओं ने भी अध्यापन एवं ब्लूप्रिंट से संबंधित अपने सुझाव और मार्गदर्शन जिला अधिकारियों एवं एम.टी. से साझा किए।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी किशुन लाल मतावाले ने भी बोर्ड परीक्षा की तैयारी को लेकर विषय शिक्षकों को विशेष सुझाव एवं मार्गदर्शन दिया।
इस एक दिवसीय कार्यशाला में विकासखंड छुरा के प्राचार्य, बीआरसी छुरा, गणित, विज्ञान एवं अंग्रेजी विषय के व्याख्याता तथा कार्यालय के कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
यह कार्यशाला शिक्षकों के लिए आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी को और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण साबित होगी।


