
चन्द्रहास निषाद (पत्रकार)गरियाबंद। परसूली वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम रुवाड़ सहित आसपास के गांवों में बीते एक सप्ताह से जंगल क्षेत्र में रहस्यमयी दहाड़ की आवाज सुनाई देने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार रात के समय लगातार दहाड़ की आवाजें सुनाई दे रही हैं, जिससे लोग डर और भय के साए में रहने को मजबूर हैं। कई ग्रामीण रात में घरों से बाहर निकलने से भी कतरा रहे हैं।
ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद वन विभाग हरकत में आया है और क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है। परसूली वन परिक्षेत्र अधिकारी ने बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दहाड़ बाघ की है या तेंदुए की। उन्होंने कहा कि, “अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि क्षेत्र में बाघ है या तेंदुआ, हमारी टीम द्वारा लगातार ट्रैकिंग का कार्य किया जा रहा है।”
वन विभाग की टीम ग्राम रुवाड़ और उसके आसपास के जंगल क्षेत्रों में पगमार्क, आवाज और अन्य संकेतों के आधार पर गहन निगरानी कर रही है। इसके साथ ही संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है। विभाग द्वारा ग्रामीणों को रात में अकेले जंगल की ओर न जाने, मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या वन्यप्राणी की जानकारी तुरंत वन विभाग को देने की अपील की गई है।
वन विभाग का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद स्थिति स्पष्ट की जाएगी और आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएंगे। फिलहाल परसूली वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम रुवाड़ सहित ग्रामीण क्षेत्रों में वन्यप्राणी की मौजूदगी को लेकर चिंता का माहौल बना हुआ


