
उमेश वर्मा,पिपरछेड़ी गरियाबंद ।थाना पिपरछेड़ी में आज दिनांक 21 सितंबर 2025 को थाना प्रभारी सहायक उप निरीक्षक खुमान लाल साहू के नेतृत्व में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। यह बैठक पुलिस अधीक्षक गरियाबंद एवं वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देश पर आयोजित की गई थी।

बैठक में आगामी त्यौहारों – दुर्गा पूजा, दशहरा एवं दीपावली को शांति एवं सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में मनाने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने शासन के निर्देशों का पालन करते हुए ध्वनि विस्तारक यंत्रों (लाउडस्पीकर) के उपयोग संबंधी नियमों की जानकारी दी और सभी समितियों को उनका पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा।
साथ ही, साइबर ठगी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों से बचाव को लेकर ग्रामीणों को जागरूक किया गया। पुलिस ने अपील की कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध या अप्रिय घटना की सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम गरियाबंद अथवा थाना पिपरछेड़ी को दें।
बैठक में थाना क्षेत्र के पत्रकार उमेश कुमार वर्मा, ग्राम प्रमुख, सरपंच प्रतिनिधि दीपेश दीवान, दुर्गा स्थापना समितियों के सदस्य एवं आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इसमें लिटीपारा, कूड़ेदा दादर, फुलकारा सहित विभिन्न दुर्गा समितियों के सदस्य शामिल हुए।
इस अवसर पर लखनलाल मरकाम, चमन वस्त्रकर, चेतन नागेश, भुनेश्वर निषाद, कमलेश नेम, यशवंत वर्मा, यज्ञ दत्त वर्मा, सुमन वस्त्रकर, ह्यूमन लाल निषाद, दिगेंद्र दीवान, दिलेश यादव सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
शांति समिति की इस बैठक में उपस्थित सभी लोगों ने संकल्प लिया कि आगामी त्यौहारों को भाईचारे और आपसी सहयोग के साथ शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराया जाएगा।


