
चन्द्रहास निषाद ,गरियाबंद। 8 सितंबर 2025 को संकुल केन्द्र मरौदा में रजत जयंती के अवसर पर संकुल स्तरीय क्वीज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला मरौदा, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बेंदकुरा और पूर्व माध्यमिक शाला हसौदा के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

गणित एवं विज्ञान विषय पर आधारित इस क्वीज प्रतियोगिता का संचालन तीन राउंड में किया गया। तीनों टीमों को छत्तीसगढ़ की नदियों के नाम — पैरी, महानदी और अरपा से संबोधित किया गया। प्रत्येक टीम से पांच-पांच प्रश्न पूछे गए, जिनका उत्तर बच्चों ने बड़े जोश और आत्मविश्वास के साथ दिया। परिणाम में पैरी टीम प्रथम, महानदी टीम द्वितीय तथा अरपा टीम तृतीय स्थान पर रही।
कार्यक्रम का सफल संचालन नोडल के रूप में प्राथमिक शाला मरौदा से ईश्वरी सिन्हा और प्राथमिक शाला कुचेना से सुरेश केला द्वारा किया गया। वहीं प्रश्न निर्माण और आयोजन को सफल बनाने में शिक्षक नरोत्तम मरकाम, शिव आडिल, गुमान साहू, चंदन दास साहू तथा संकुल समन्वयक लोकेश्वर सोनवानी का विशेष योगदान रहा।
प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करने के लिए सभी को पेन भेंट कर प्रोत्साहित किया गया।


