
चन्द्रहास निषाद @गरियाबंद, 7 नवंबर 2025। गरियाबंद जिले के नक्सल प्रभावित उदंती जंगल क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। क्षेत्र में सक्रिय सात नक्सलियों ने मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया है और वे आत्मसमर्पण की प्रक्रिया के लिए निकल चुके हैं। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार यह घटना नक्सल मोर्चे पर एक बड़ा मोड़ साबित हो सकती है।
विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, उदंती वन क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय नक्सलियों ने अब हिंसा का रास्ता छोड़ शांति की ओर कदम बढ़ाया है। बताया जा रहा है कि ये सभी नक्सली आने वाले कुछ दिनों में पुलिस के समक्ष औपचारिक रूप से आत्मसमर्पण करेंगे। इस सिलसिले में आईजी स्तर पर जल्द ही बड़ा खुलासा किया जा सकता है।
पुलिस और सुरक्षा बलों ने इस सूचना के बाद इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है। गरियाबंद जिला पुलिस द्वारा लगातार चलाए जा रहे जनजागरण और आत्मसमर्पण अभियान का असर अब स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
उदंती जंगल क्षेत्र लंबे समय से नक्सल गतिविधियों का गढ़ माना जाता रहा है। लेकिन हाल के वर्षों में प्रशासन और पुलिस की सख्त कार्रवाई, साथ ही सरकार की पुनर्वास नीति के चलते कई नक्सलियों ने हथियार छोड़कर सामान्य जीवन अपनाने की राह चुनी है।
यदि यह आत्मसमर्पण होता है, तो यह गरियाबंद जिले में नक्सल मोर्चे पर एक बड़ी सफलता मानी जाएगी और सुरक्षा बलों के लिए मनोबल बढ़ाने वाली खबर साबित होगी।


