
न्यूज बॉक्स 24,गरियाबंद। जिला गरियाबंद के ग्राम पंचायत कस के सरपंच प्रतिनिधि रविंद्र कुमार ध्रुव ने प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य भेंट की। इस मुलाकात के दौरान उन्होंने पंचायत क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को मुख्यमंत्री के सामने रखा।
रविंद्र कुमार ध्रुव ने मुख्यमंत्री को बताया कि ग्राम पंचायत कस सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की कमी अब भी बड़ी चुनौती बनी हुई है। खासतौर पर ग्रामीण सड़कों की जर्जर स्थिति, शुद्ध पेयजल की समस्या, स्वास्थ्य सेवाओं की कमी और शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की आवश्यकता पर उन्होंने मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया।
उन्होंने कहा कि बरसात के दिनों में कच्ची सड़कों की स्थिति और भी खराब हो जाती है, जिससे लोगों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। वहीं, पंचायत क्षेत्र में उपस्वास्थ्य केन्द्रों को प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग की, नहीं होने से ग्रामीणों को इलाज के लिए लंबा सफर तय करना पड़ता है। शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने आग्रह किया कि कस और आसपास के क्षेत्रों में शाला भवनों की मरम्मत एवं आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं, ताकि बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को सरकार सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने के लिए शीघ्र ही योजनाबद्ध कदम उठाए जाएंगे और संबंधित विभागों को निर्देश दिए जाएंगे।
ग्राम पंचायत कस के ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि इस मुलाकात से क्षेत्र के लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे। ग्रामीणों का कहना है कि मुख्यमंत्री तक सीधे मुद्दे पहुँचने से जल्द ही सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।


