
गरियाबंद। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रूवाड़ के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में आज बड़े उत्साह और गरिमा के साथ ध्वजारोहण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित संजीत सुरोजिया ने बच्चों को उपहार स्वरूप एक प्रेरणादायक घोषणा की। उन्होंने कहा कि आगामी बोर्ड परीक्षाओं में कक्षा 10वीं और 12वीं के जो भी विद्यार्थी 90 प्रतिशत अंक हासिल करेंगे, उन्हें 5000 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। वहीं कक्षा 9वीं और 11वीं में 90 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले छात्रों को 2000 रुपये दिए जाएंगे।

इस मौके पर ग्राम पंचायत सरपंच विजय नागेश, स्कूल के सभी शिक्षकगण, पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बच्चों द्वारा देशभक्ति गीत, कविता और नृत्य प्रस्तुत किए गए, जिसने सभी का मन मोह लिया।
श्री सुरोजिया ने विद्यार्थियों को मेहनत और लगन से पढ़ाई करने की प्रेरणा दी, साथ ही कहा कि शिक्षा ही जीवन में सफलता और प्रगति का मार्ग प्रशस्त करती है। सरपंच विजय नागेश ने भी अपने संबोधन में बच्चों को लक्ष्य निर्धारित कर उसके प्रति समर्पण के साथ कार्य करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और तिरंगे को सलामी देकर किया गया। पूरे आयोजन में देशभक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।


