
गरियाबंद । कलेक्टर बी.एस. उइके और पुलिस अधीक्षक निखिल कुमार राखेचा की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक हुई। बैठक में नशीली दवाओं और मादक पदार्थों पर प्रभावी नियंत्रण, नशामुक्त भारत अभियान, सड़क सुरक्षा और तीन नए कानूनों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में अधिकारियों को सीमा पार अवैध आवागमन रोकने, दुकानों में अवैध बिक्री पर निगरानी रखने, हॉट स्पॉट क्षेत्रों की पहचान कर सतत जांच और सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही अवैध शराब, गांजा और जर्दायुक्त गुटखा पर कड़ी कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।
नशामुक्ति अभियान के तहत स्पर्श क्लिनिक के माध्यम से मरीजों का इलाज और काउंसलिंग जारी है। इस वर्ष अब तक 277 मरीजों का उपचार किया गया। नशामुक्ति टोलफ्री नंबर 14446, एंटी नार्कोटिक्स हेल्पलाइन 1933 और पुलिस वाट्सएप हेल्पलाइन 94792-25884 को अधिक से अधिक प्रचारित करने के निर्देश दिए गए। इन नंबरों को गांव-गांव दीवाल लेखन और मुनादी के जरिए प्रचारित किया जाएगा।
बैठक में जानकारी दी गई कि वर्ष 2025 में अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 78 आरोपियों पर कार्रवाई करते हुए 579.861 किलो गांजा, 1778 नशीली टैबलेट, 9 ग्राम हेरोइन, 6 इंजेक्शन और 100 एमएल सिरप जब्त किए गए हैं। आरोपियों को जेल भेजा गया है और वाहनों की जब्ती की कार्रवाई भी की गई है।
न्यायालयीन प्रकरणों के शीघ्र निराकरण हेतु जिले में 8 वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम स्थापित किए गए हैं और अन्य कार्यालयों में भी इसे स्थापित करने का प्रस्ताव है।


