
चन्द्रहास निषाद,गरियाबंद। खबर का असर— कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय गरियाबंद में पीडीएस चावल का भंडार कम पाए जाने व छात्राओं को मिलने वाले भोजन में गड़बड़ी की शिकायतों के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर एवं जिला मिशन संचालक, समग्र शिक्षा गरियाबंद ने जांच समिति का गठन किया है।

जारी आदेश के अनुसार जांच समिति में हितेश्वर बांधे (अनुविभागीय अधिकारी रा.), शिवेश शुक्ला (जिला मिशन समन्वयक, समग्र शिक्षा), सुधीर चंद्र गुरु (सहायक खाद्य अधिकारी) और वंदना पाण्डेय (प्राचार्य ) को सदस्य बनाया गया है।
निर्देश में कहा गया है कि समिति सात दिनों के भीतर जांच कर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करेगी। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
गौरतलब है कि छात्राओं को मिलने वाले भोजन में गड़बड़ी और चावल के कम भंडारण को लेकर अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने शिकायत दर्ज कराई थी। अब प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से उम्मीद जताई जा रही है कि वास्तविकता सामने आएगी और दोषियों पर कार्यवाही होगी।


