
न्यूज बॉक्स 24,गरियाबंद। ग्राम पंचायत दशपुर में आज सोमवार को 5 लाख रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण समारोह बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्र के बिंद्रा नवागढ़ विधानसभा के विधायक जनक ध्रुव उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य संजय नेताम, जनपद सदस्य राकेश मुर्रा तथा ग्राम पंचायत दशपुर के सरपंच नरेंद्र कुमार ध्रुव मौजूद थे।

कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक पूजा-अर्चना और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद मुख्य अतिथियों ने सामुदायिक भवन का विधिवत लोकार्पण किया। भवन का निरीक्षण करते हुए विधायक जनक ध्रुव ने कहा कि यह भवन ग्रामीणों की सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियों का केंद्र बनेगा। ग्रामीण यहां बैठकों, प्रशिक्षण, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न सामाजिक आयोजनों का लाभ उठा सकेंगे।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने भी शासन की जनहितैषी योजनाओं की जानकारी दी और कहा कि विकास कार्यों में जनता की सहभागिता बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि सामुदायिक भवन का उपयोग गांव की प्रगति और सामाजिक एकता को मजबूत करने के लिए करें।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत दशपुर के उपसरपंच, पंचगण सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने 5 लाख की लागत से निर्मित इस भवन के निर्माण के लिए शासन और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार जताते हुए इसे ग्राम विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का शाल व श्रीफल से सम्मान किया गया और ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से इस ऐतिहासिक पल का जश्न मनाया।


