गरियाबंद से सनसनीखेज खबर : ट्रांसफार्मर पर चढ़कर युवक ने किया हाई वोल्टेज ड्रामा,घंटों लगा रहा भीड़

चन्द्रहास निषाद,गरियाबंद(Newsbox24.in)। जिले के फिंगेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत देवार मोहल्ले में शनिवार को एक युवक द्वारा ट्रांसफार्मर पर चढ़ जाने से हड़कंप मच गया। इस घटना ने पूरे इलाके में अफरातफरी मचा दी। देखते ही देखते आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए और सड़क पर भीड़ लग गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक का नाम संभु देवार है, जो नशे की हालत में था। नशे की वजह से वह अचानक ट्रांसफार्मर पर चढ़ गया। जैसे ही यह बात मोहल्ले में फैली, लोग दहशत में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत बिजली विभाग को खबर कर बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। यदि बिजली चालू रहती तो यह घटना युवक की जान ले सकती थी।
करीब डेढ़ घंटे तक पुलिस और ग्रामीण युवक को समझाइश देने एवं सुरक्षित उतारने में जुटे रहे। लगातार मशक्कत के बाद आखिरकार युवक को सकुशल नीचे उतारा गया। घटना के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
पुलिस ने युवक को रेस्क्यू कर अपने कब्जे में लिया और उससे पूछताछ शुरू कर दी है। मोहल्लेवासियों ने प्रशासन से ऐसे घटनाओं पर रोक लगाने और नशे की समस्या से निपटने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है।
👉 इस घटना की चर्चा पूरे फिंगेश्वर ही नहीं बल्कि पूरे जिले में जोरों पर है। लोग कह रहे हैं कि “अगर समय रहते बिजली बंद नहीं होती, तो यह घटना एक बड़ी त्रासदी में बदल सकती थी।”


