
चन्द्रहास निषाद !! न्यूज बॉक्स 24,गरियाबंद/मैनपुर। मैनपुर वन क्षेत्र में बीते करीब 20 दिनों से जंगली हाथियों का दल लगातार आतंक मचा रहा है। हाथियों का यह झुंड आए दिन नेशनल हाईवे 130C मैनपुर-गरियाबंद मार्ग पर आ धमक रहा है, जिससे ग्रामीणों व राहगीरों में दहशत का माहौल है। बीते एक सप्ताह में ही हाथियों को 4 से 5 बार सड़क जाम करते देखा गया है।
कभी टुपेंगा तो कभी डबनाई की ओर बढ़ते हुए हाथियों की अनियंत्रित गतिविधियों ने प्रशासन और पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। हाथियों के कारण डबनाई-अमामोरा-फरसरा मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित हुआ, जिससे ग्रामीणों और यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बना।
दशहरा पर्व के साप्ताहिक बाजार में भी हाथियों का खौफ देखने को मिला। अमामोरा, ओड और फरसरा से बाजार जा रहे कई ग्रामीणों पर हाथियों ने अचानक हमला कर दिया। भीड़ में भगदड़ मच गई और लोग अपनी जान बचाकर भागे। लगभग 100 मीटर तक हाथियों का पीछा करने से कई लोग घायल होने से बाल-बाल बचे।
वन विभाग ने बताया कि हाथियों का दल करीब 10 किलोमीटर के दायरे में लगातार घूम रहा है और विशेषकर शाम के समय उनकी हलचल अधिक रहती है। सुरक्षा की दृष्टि से वन विभाग की टीम दिन-रात गजराज वाहन के साथ निगरानी कर रही है।
हाथियों ने डबनाई, लुथापारा, फरसरा, धौबीपारा, छिंदोला, टुपेंगा, धवलपुर, जरांडी, बोडापाला और गीरोला गांवों में धान व मक्का की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। साथ ही ग्रामीणों के छोटे-छोटे घरों और मवेशी शेड को भी नुकसान पहुंचाया।
रेंजर छबीलाल ध्रुव ने बताया कि हाथियों का दल लगातार सड़कों को पार कर रहा है और गांवों की ओर रुख कर रहा है। सोमवार सुबह भी हाथियों ने नेशनल हाईवे पार किया और शाम होते-होते डबनाई-छिंदोला मार्ग के पास डेरा डाल लिया।
ग्रामीणों में हाथियों के हमले की आशंका से दहशत का माहौल बना हुआ है।



