
चन्द्रहास निषाद,गरियाबंद। राजिम विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पाटसिवनी में आज महतारी सदन का लोकार्पण किया गया। यह पहल ग्रामीण अंचल की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें सामाजिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
इसी क्रम में प्रदेशभर के कुल 51 महतारी सदनों का लोकार्पण भी किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने धमतरी जिले के करेली से किया। लोकार्पण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण (लाइव) क्षेत्रवासियों ने सुना और इस महत्वपूर्ण अवसर का हिस्सा बने।

इस अवसर पर कलेक्टर, सीईओ, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, बिहान समूह की महिलाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने महतारी सदन के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त की और इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर बताया। महतारी सदन से ग्रामीण अंचल की महिलाओं को प्रशिक्षण, रोजगार और आत्मनिर्भरता की नई राह मिलेगी।


