
चन्द्रहास निषाद,गरियाबंद। जिले के पाँचों ब्लॉक गरियाबंद, छुरा, फिंगेश्वर, मैनपुर और देवभोग के समस्त पंचायतों के सरपंचों ने आज जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। सरपंच संघ ने बताया कि 3 मार्च 2025 को शपथ ग्रहण के बाद भी अब तक पंचायतों को 15वां वित्त आयोग एवं मूलभूत मद की राशि प्राप्त नहीं हुई है।
ज्ञापन में कहा गया कि राशि वितरण में विलंब के कारण पंचायतों में स्वच्छता अभियान, नल-जल योजना, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। पूर्व में मध्य क्षेत्र प्राधिकरण एवं आदिवासी विभाग द्वारा प्रथम किस्त के रूप में 40 प्रतिशत राशि अग्रिम दी जाती थी, किंतु वर्तमान व्यवस्था के अनुसार अब कार्य पूर्ण होने के बाद ही शत प्रतिशत राशि जारी की जाएगी। सरपंच संघ का कहना है कि यह व्यवस्था पंचायतों एवं सरपंचों के हित में नहीं है और इससे ग्रामीण स्तर पर विकास कार्य ठप पड़ रहे हैं।
इस अवसर पर पन्नालाल ध्रुव (अध्यक्ष, सरपंच संघ छुरा), कोमल ध्रुव (अध्यक्ष, सरपंच संघ गरियाबंद), नरेंद्र कुमार ध्रुव (सरपंच ग्राम पंचायत दसपुर एवं चुम्मन ध्रुव उपाध्यक्ष, सरपंच संघ गरियाबंद), थानेश्वर मांडवी (सरपंच ग्राम पंचायत सजापाली), जगबाई ध्रुव (उपाध्यक्ष, सरपंच संघ छुरा), गोदावरी दीवान (सरपंच मुड़ा गांव), आत्मा ध्रुव (सरपंच ग्राम पंचायत आमदी), हीराबाई ध्रुव (सरपंच घुटकू नवापारा), शिवकुमारी (सरपंच ग्राम पंचायत मंजरकट्टा) सहित अनेक सरपंच उपस्थित थे।
सरपंच संघ ने मांग की है कि शीघ्र ही 15वां वित्त आयोग एवं मूलभूत मद की राशि पंचायतों में जमा की जाए तथा मध्य क्षेत्र प्राधिकरण की पूर्व व्यवस्था के अनुसार ही अग्रिम किस्त जारी की जाए, ताकि ग्राम पंचायतों में विकास कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सकें।


