
चन्द्रहास निषाद,गरियाबंद। जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत राजोडा–मटार पहाड़ियों में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मुठभेड़ में कुल 10 नक्सली मारे गए, जिन पर कुल ₹5.22 करोड़ का इनाम घोषित था। मारे गए नक्सलियों में शीर्ष माओवादी नेता भी शामिल हैं।

मुठभेड़ में मारे गए बड़े नक्सली नेताओं में –
मोडेम बालालक्ष्मण उर्फ मनोज (सेंट्रल कमेटी सदस्य)
प्रमोद उर्फ पंडल्ना (ओडिशा राज्य कमेटी सदस्य)
विप्लव उर्फ जाड़ो बैकट (ओडिशा राज्य कमेटी सदस्य)
सहित कई अन्य कुख्यात नक्सली शामिल हैं।
कैसे हुई कार्रवाई?
जानकारी के अनुसार, गरियाबंद पुलिस, ई-30, एसटीएफ, सीआरपीएफ और कोबरा 207 की संयुक्त टीम ने यह ऑपरेशन चलाया। सुरक्षा बलों को लगातार सूचना मिल रही थी कि माओवादी बड़ी संख्या में जंगल में डेरा जमाए हुए हैं। इसके बाद 10 सितंबर से अभियान चलाया गया।
11 से 12 सितंबर की दरमियानी रात करीब आठ घंटे चली इस मुठभेड़ में नक्सलियों ने सुरक्षा बलों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, लेकिन जवानों ने भी साहस और वीरता के साथ जवाब दिया।
भारी मात्रा में हथियार बरामद
मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से एके-47, इंसास, एसएलआर जैसे ऑटोमेटिक हथियार समेत कुल 10 हथियार और भारी मात्रा में नक्सली सामग्री बरामद की गई है।
मारे गए नक्सलियों की पहचान
मारे गए नक्सलियों में 6 पुरुष और 4 महिलाएं शामिल हैं। इनमें से कई पर प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर बड़े इनाम घोषित थे।
क्रमांक नाम / उपनाम संगठन में पद / जिम्मेदारी
01 मोडेम बालालक्ष्मण उर्फ मनोज सेंट्रल कमेटी सदस्य
02 प्रमोद उर्फ पंडल्ना ओडिशा राज्य कमेटी सदस्य
03 विप्लव उर्फ जाड़ो बैकट ओडिशा राज्य कमेटी सदस्य / टेक्निकल टीम प्रभारी
04 समीर कंपनी 06 सदस्य
05 रंजीता पति उर्मिला पीएलजीए सदस्य
06 वनीला पीएलजीए
07 सीमा उर्फ मीना एसकेई एसीएम
08 विश्वनाथ पगिन नंदे एसीएम
09 उमेदा पिता सुक्कु एसकेई एसीटी डिप्टी कमांडर / बीडीपीएम डिवीजन पीएलजीए
10 विमला बीडीपीएम डिवीजन पीएलजीए
अधिकारियों का बयान
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान नक्सल उन्मूलन की दिशा में बड़ी सफलता है। इससे माओवादी संगठन को गहरा नुकसान हुआ है।


