
चन्द्रहास निषाद (पत्रकार),गरियाबंद। जिले के मुख्यालय स्थित वार्ड नंबर 7 रावणभाठा क्षेत्र में मंगलवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब कृषि उपज मंडी के सामने एक अज्ञात वृद्ध व्यक्ति का शव देखा गया। मृतक की उम्र लगभग 50 से 55 वर्ष के बीच बताई जा रही है। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने घटनास्थल को घेराबंदी कर प्रारंभिक जांच शुरू की। शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग वहां पहुंच गए। लोग मृतक की पहचान को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं करते नजर आए।

फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने आशंका जताई है कि मौत प्राकृतिक भी हो सकती है या किसी अन्य कारण से भी हुई हो सकती है। सच्चाई का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।
थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही आस-पास के थानों को भी जानकारी दी गई है ताकि कहीं गुम इंसान की रिपोर्ट दर्ज हो तो मिलान किया जा सके।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि मृतक के बारे में किसी को कोई जानकारी हो तो तत्काल थाना गरियाबंद से संपर्क करें।


