
जिला पंचायत सदस्यों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, कहा – संविधान और गाइडलाइन का उल्लंघन
चन्द्रहास निषाद,गरियाबंद। जिला पंचायत सदस्यों ने 15वें वित्त आयोग की राशि के बंटवारे में अनियमितता और पक्षपात का आरोप लगाते हुए कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। निर्वाचित सदस्य इन्द्रजीत महापात्र, संजय नेताम और लोकेश्वर नेताम ने कहा कि बंटवारे की प्रक्रिया संविधान और गाइडलाइन के विपरीत की गई है, जिससे ग्राम पंचायतों को न्याय नहीं मिल पा रहा है।
सदस्यों का कहना है कि वित्त आयोग की राशि का उद्देश्य स्थानीय विकास योजनाओं को गति देना और ग्रामीण अंचलों की आवश्यकताओं की पूर्ति करना है। मगर वर्तमान बंटवारे में न तो समानुपातिक आधार रखा गया और न ही संवैधानिक प्रावधानों का पालन किया गया।
सदस्यों ने आरोप लगाया कि 15वें वित्त आयोग की गाइडलाइन के अनुरूप निधि का वितरण नहीं हुआ, जबकि नियम के मुताबिक राशि का आवंटन पारदर्शी और न्यायसंगत होना चाहिए। उनका कहना है कि इस प्रक्रिया में बैठकों और अनुमोदन जैसी अनिवार्य कार्यवाही को भी नजरअंदाज कर दिया गया है।
ज्ञापन के माध्यम से जिला पंचायत सदस्यों ने मांग की है कि वित्त आयोग की राशि का पुनर्वितरण गाइडलाइन और संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार किया जाए। यदि इस पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होती है, तो सदस्य आंदोलन की राह अपनाने को बाध्य होंगे।


