
चन्द्रहास निषाद,गरियाबंद। भारतीय जनता पार्टी मंडल बिन्द्रानवागढ़ के उपाध्यक्ष एवं समाजसेवी राजेंद्र सिंह राजपूत ने गरियाबंद से ग्राम कोकड़ी मुख्यमार्ग की जर्जर सड़क की मरम्मत को लेकर लोक निर्माण विभाग को आवेदन प्रस्तुत किया है। उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी (PWD) के. आर. दीवान से दीपावली पूर्व इस सड़क की मरम्मत करवाने की मांग की।
राजेंद्र राजपूत ने अपने आवेदन में उल्लेख किया कि कोकड़ी मार्ग जिले के सबसे व्यस्तम सड़कों में से एक है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में दोपहिया और चारपहिया वाहन गुजरते हैं। गौठान के पास सड़क में बने गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सड़क की खराब स्थिति से न केवल वाहन चालकों को खतरा है, बल्कि दीपावली पर्व के दौरान बढ़ने वाले यातायात के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी अधिक है।
आवेदन प्राप्त होने के बाद अनुविभागीय अधिकारी के. आर. दीवान ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल मरम्मत कार्य प्रारंभ करने के निर्देश जारी किए हैं। विभाग द्वारा जल्द ही गड्ढों को भरने और सड़क को सुगम बनाने का कार्य शुरू किया जाएगा।
स्थानीय ग्रामीणों और वाहन चालकों ने भाजपा नेता राजेंद्र सिंह राजपूत के इस प्रयास की सराहना की है। उन्होंने कहा कि समय रहते यदि सड़क मरम्मत हो जाती है तो दीपावली के दौरान लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।


