
चन्द्रहास निषाद@गरियाबंद डेस्क ! कोरबा। करतला रेंज के अंतर्गत ग्राम पंचायत बोतली में देर रात हाथियों का झुंड पहुंचने से पूरे गांव में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने झुंड को भगाने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान हाथियों ने एक युवक पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान शिवनारायण (36 वर्ष), निवासी ग्राम पंचायत घिनारा के रूप में हुई है। घटना के बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग और पुलिस को दी। मौके पर पहुंची टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।

घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। रामपुर विधायक ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और तत्काल सहायता राशि के रूप में ₹25,000 प्रदान किए।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथियों के झुंड के निकट जाने या उन्हें भगाने की कोशिश न करें, बल्कि तुरंत वन विभाग को सूचना दें ताकि जनहानि से बचा जा सके।


