
चन्द्रहास निषाद @गरियाबंद। पुलिस ने अवैध खनिज कारोबार पर एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए देवभोग क्षेत्र से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 22 नग बहुमूल्य चमकीले हीरा जैसे खनिज पदार्थ, दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। बरामद सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹4 लाख आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जिलेभर में अवैध तस्करी, गांजा, शराब और हीरा कारोबार पर सख्ती से निगरानी रखी जा रही थी। इसी क्रम में 09 नवंबर 2025 को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति ग्राम देवभोग के शरदापुर आईटीआई कॉलेज के सामने संदिग्ध हालत में ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही थाना देवभोग पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में उनकी पहचान हुई —
1️⃣ खीर सिंह मांझी, पिता स्व. लालू मांझी, उम्र 30 वर्ष, निवासी झूलेनबर, थाना चांदाहाण्डी, जिला नवरंगपुर (उड़ीसा)
2️⃣ हरीशंकर नेताम, पिता स्व. देवी सिंह नेताम, उम्र 27 वर्ष, निवासी पायलीखण्ड जुगाड, जिला गरियाबंद (छत्तीसगढ़)
दोनों के कब्जे से 22 नग बहुमूल्य पत्थर, दो मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 KB 0696 बरामद की गई। जब्त वस्तुओं की कुल कीमत ₹2,65,000 रुपये बताई गई, जबकि खनिज पदार्थ की अनुमानित कीमत लगभग ₹4 लाख के आसपास है।
आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि वे इन पत्थरों को ऊंचे दामों पर बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे थे। लेकिन खनिज पदार्थों के संबंध में कोई वैध दस्तावेज वे पेश नहीं कर पाए।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 303(2), 3(5), धारा 21(4) माइनिंग एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
गरियाबंद पुलिस अधीक्षक ने टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि जिले में अवैध तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा।


