
गरियाबंद डेस्क, बागबाहरा। धान उपार्जन केंद्रों में टोकन कटने की समस्या को लेकर एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। ग्राम पंचायत बोडरीदादर सेनभांठा निवासी किसान मनबोध गांडा ने टोकन नहीं कट पाने से परेशान होकर आत्महत्या का प्रयास किया। किसान ने आवेश और मानसिक तनाव में आकर ब्लेड से अपना गला काट लिया, जिससे वह लहूलूहान अवस्था में जमीन पर गिर पड़ा।
परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना दी, जिसके बाद 112 की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल किसान को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा के लिए रवाना किया।
सूत्रों के अनुसार किसान मनबोध गांडा की स्थिति नाजुक बताई जा रही है और उसे प्राथमिक उपचार के बाद आगे रेफर किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार किसान लंबे समय से टोकन कटने के लिए प्रयासरत था, लेकिन प्रक्रिया पूरी न होने के कारण वह अत्यंत मानसिक दबाव में था। घटना के बाद क्षेत्र में उपार्जन व्यवस्था को लेकर आक्रोश और चिंता दोनों देखने को मिल रही है।
स्थानीय प्रशासन को घटना की जानकारी दे दी गई है और मामले की जांच की तैयारी शुरू कर दी गई है।


